गंगोह पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामलाः लापरवाही के आरोपी फैक्ट्री संचालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Gangoh firecracker factory explosion case: Police arrest factory operator accused of negligence.

सहारनपुर। थाना गंगोह पुलिस ने ग्राम नया कुण्डा स्थित राणा फायर वर्क्स पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त हसन को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त पर लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन कर क्षमता से अधिक विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने, प्रतिबंधित पटाखों का निर्माण कराने तथा मजदूरों की जान को जोखिम में डालने का आरोप है। पुलिस के अनुसार 24 जुलाई 2026 को थाना गंगोह में उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार की तहरीर पर मुकदमा संख्या 355/2026, धारा 288 एवं 105 बीएनएस तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुए विस्फोट में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर लापता हो गए।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक देहात एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 25 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर दूधला-गंगोह रोड स्थित सत्संग भवन के पास से वांछित अभियुक्त हसन पुत्र नौसेर अली, निवासी असालतपुर फर्रूखनगर, थाना टीला मोड़, जनपद गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *