सहारनपुर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना चिलकाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में 19 जुलाई को चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत चार नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 ग्राम स्मैक तथा कुल 328 ग्राम चरस बरामद की। इनमें एक आरोपी के पास से 12 ग्राम स्मैक जबकि तीन अन्य आरोपियों के पास से क्रमशः 103 ग्राम, 115 ग्राम और 110 ग्राम चरस बरामद हुई। सभी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से उत्तर प्रदेश मार्का 104 फ्रूटी देशी शराब तथा हरियाणा मार्का 8 बोतल देशी शराब बरामद की। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान आयुध अधिनियम के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन अवैध चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं मिशन शक्ति एंटी रोमियो अभियान के तहत महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करने और फब्तियां कसने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था भंग कर रहे चार अन्य व्यक्तियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। सभी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। इनमें नशा तस्करी, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आयुध अधिनियम और अन्य गंभीर मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
सहारनपुर पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशा तस्करी, अवैध शराब, अवैध हथियार तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
कांवड़ यात्रा-2026 से पहले चिलकाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 21 आरोपी गिरफ्तार