सहारनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के स्थापना दिवस 9 जुलाई 1949 के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सहारनपुर महानगर द्वारा दिनांक 14 जुलाई 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर, सहारनपुर में एक भव्य छात्र संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सत्येंद्र शर्मा, प्रधानाचार्य, सरस्वती विद्या मंदिर ने की।
कार्यक्रम में सहारनपुर विभाग के संगठन मंत्री सत्येंद्र सिंह का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता डॉ. गुरुदेव सिंह जी, प्रोफेसर, अंग्रेजी विभाग, महाराज सिंह कॉलेज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित एक सशक्त विद्यार्थी आंदोलन है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, चरित्र, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सूरज राणा, प्रांत सहमंत्री, मेरठ प्रांत ने विद्यार्थियों को परिषद की कार्यप्रणाली, संगठन की विचारधारा एवं छात्र शक्ति की भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कनक कोरी, विभाग छात्र प्रमुख, सहारनपुर विभाग ने विद्यार्थियों को परिषद से जुड़कर नेतृत्व क्षमता का विकास करने, सामाजिक चेतना के साथ कार्य करने तथा अपने व्यक्तित्व को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं सहारनपुर महानगर सहमंत्री कार्तिक धीमान ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास का प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन प्रिंस कोरी जी, मेरठ प्रांत एसएफएस सह-संयोजक द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का परिषद कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में परिषद के सक्रिय कार्यकर्ताओं में मंजीत सैनी, अमोघ कौशिक, अर्पित सैनी, अंकुर सिंह, दिया एवं अभिषेक मित्तल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सत्येंद्र शर्मा जी ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे प्रेरणादायी आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
विद्यार्थियों से किया राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का आह्वान