सहारनपुर। युवा रोड चेतना सभा द्वारा रविवार को दिल्ली रोड स्थित पेंशनर्स भवन सभागार में युवा रोड प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अतिथियों की मौजूदगी में मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व भारतीय वॉलीबॉल टीम के कप्तान एवं अर्जुन अवॉर्डी डॉ. दलेल सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि देवेन्द्र कल्याण (आईआरएस), राज्य निर्वाचन आयुक्त हरियाणा रहे। विशिष्ट अतिथियों में चौधरी देवी सिंह, डॉ. एम.के. चौधरी, चौधरी मेहर सिंह, मनोज कुमार प्रधान, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सूरज रोड, आर्यन रोड, नवनीत कादियान, डॉ. प्रदीप कुमार, एशियन कराटे चौंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता अलीशा चौधरी तथा राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका स्मृति चौधरी शामिल रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ने कक्षा 10 और 12 के मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं सम्मान पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। युवा रोड चेतना सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। समारोह का समापन समाज की एकता और शिक्षा के प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।
मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित