सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद भ्रमण के दौरान उ0प्रा0विद्यालय इस्माईलपुर (कम्पोजिट) से स्कूल चलो अभियान 2026 के द्वितीय चरण का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम के शुभारंभ में मण्डलायुक्त डॉ0 रूपेश कुमार ने मुख्यमंत्री जी को भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की।
मुख्यमंत्री जी ने बच्चों द्वारा बनाए गये विभिन्न प्रकार के माडलों के बारे में पूछा गया। इसके बारे में बच्चों द्वारा आत्मविश्वास से सभी का उत्तर दिया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय चक्खीजरपुर एवं मीरपुर गन्देवर द्वारा मीना मंच का स्टॉल लगाया गया जिसमें मिशन शक्ति, महिला शक्तिकरण, नारी आत्मनिर्भरता के लिए व्यवसायिक शिक्षा दर्शाया गया।
मुख्यमंत्री स्टॉल को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होने छात्रा से लौकी की पंजीरी बनाने की विधि पूछी गई। मुख्यमंत्री जी बहुत प्रसन्न हुए और छात्रा को आशीर्वाद दिया। विद्यार्थी कृष्णा विद्यालय सरसोंहेडी के द्वारा भाषा कौशल विकास से संबंधित नए शब्द बनाने और व उन्हें पढ़कर सुनाने के लिए कहा गया। बच्चों ने बहुत खुशी के साथ और बहुत रोचक तरीके से नए शब्द बनाकर और पढ़कर सुनाएं। इसके उपरांत कुछ बच्चों से पुस्तक भी पढवाई। मुख्यमंत्री ने स्वयं छात्रों को तहरी एवं हलवे का मध्यान भोजन वितरण किया। मुख्यमंत्री जी द्वारा आंगनवाडी केन्द्र में 10 बच्चों को अन्नप्रासन भी कराया गया एवं बच्चों को चोकलेट वितरित की गयी।
इस दौरान उन्होने उ0प्रा0विद्यालय इस्माईलपुर (कम्पोजिट) के कक्षा एक के छात्र लवियांस, पीएम श्री विद्यालय बुडढाखेडा विकासखण्ड सरसावा की कक्षा एक की छात्रा साक्षी, मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय सढौली हरिया विकासखण्ड रामपुर मनिहारान के कक्षा एक के छात्र आरव, प्राथमिक विद्यालय पांसर विकासखण्ड मुजफ्फराबाद, कक्षा एक की छात्रा अस्मिता, पीएम श्री विद्यालय तल्हेडी विकासखण्ड नानौता से कक्षा चार के छात्र रविन्द्र कुल 05 छात्र-छात्राओं को प्रतीकात्मक रूप से स्कूल बैग, पाठ्य पुस्तकें, स्टेशनरी का सामान वितरित करने के साथ ही मिष्ठान के रूप में चोकलेट भी दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माँ शाकम्भरी की पावन धरा पर स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के कार्यक्रम का शुभारम्भ करने का अवसर महज संयोग नहीं बल्कि ईश्वरीय कृपा है। अन्नदाता किसानों के लिए, देश के अन्न के भण्डार को भरने के लिए, भीष्ण गर्मी से राहत दिलाने के लिए बारिश के रूप में माँ शाकम्भरी की विशेष कृपा बरस रही है। व्यक्ति हो, समाज हो या राष्ट्र हो इन सबकी सुदृढ आधारशिला शिक्षा है। अच्छी शिक्षा सुसभ्य, संस्कारित नागरिक बनाते हुए सही मार्ग दिखाती है। अच्छी शिक्षा से ही अच्छे समाजसेवी, अच्छे शिक्षक, अच्छे प्रधानाचार्य, अच्छे जनप्रतिनिधि, अच्छे अधिकारी, अच्छे उद्यमी, अच्छे इंजीनियर, अच्छे चिकित्सक, अच्छे न्यायिक अधिकारी निकलते है। शिक्षा देश के भविष्य को बनाने वाली होती है। जिस भी क्षेत्र में आने वाली पीढी आगे बढे वह आत्मविश्वास से भरपूर होकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सके, इसलिए स्कूल चलो अभियान का प्रारम्भ किया गया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गत वर्ष बेसिक शिक्षा परिषद ने 13 हजार से अधिक गंभीर और बहुदिव्यांग बच्चों को प्रतिवर्ष 06 हजार रूपये स्कॉट एलाउंस उपलब्ध करवाया गया है। 23 हजार से अधिक दिव्यांग बालिकाओं को दो हजार प्रति वर्ष की दर से स्टाइपेंड भी उपलब्ध करवाने का कार्य किया गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत लर्निंग बाई डूइंग के माध्यम से बच्चों को प्रारम्भिक स्तर पर ही कौशल शिक्षा देना प्रारम्भ किया गया है। सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय को 10 हजार से बढाकर 18 हजार किया गया है। अनुदेशकों के मानदेय को 09 हजार से बढाकर 17 हजार प्रतिमाह किया है। इसी के साथ हर शिक्षामित्र, शिक्षक, प्रधानाचार्य, अनुदेशक, रसोईया सभी को 05 लाख रूपये सालाना कैशलैस की चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध करवाने की करवाई बहुत शीघ्र लागू होने वाली है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री संसदीय कार्य एंव औद्योगिक विकास जसवंत सैनी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह, विधायक नकुड मुकेश चौधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा अजीत राणा, एडी बेसिक आर0के0सिंह बीएसए कोमल सहित संबंधित अधिकारीगण, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सीएम योगी ने स्कूल चलो अभियान 2026 के द्वितीय चरण का किया शुभारंभ, दी कई बड़ी सौगातें