सहारनपुर। स्वच्छ कुंड श्री गोगा म्हाड़ी को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को समाप्त हो गया। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल ने स्वच्छ कुंड श्री गोगा म्हाड़ी पहुंचकर संचालकों एवं ठेकेदार से विस्तृत वार्ता की। बैठक के बाद संचालकों ने प्रतिनिधिमंडल की सभी प्रमुख शर्तों को स्वीकार कर लिया। समझौते के अनुसार स्वच्छ कुंड के दोनों प्रवेश द्वारों पर स्वच्छ कुंड श्री गोगा म्हाड़ी नाम यथावत रहेगा। म्हाड़ी की ओर स्थित मुख्य प्रवेश द्वार बंद रखा जाएगा तथा परिसर में स्थापित सभी मूर्तियों को एल्युमिनियम एवं ग्लास से सुरक्षित कवर किया जाएगा। इसके अलावा तालाब क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति का जूते-चप्पल पहनकर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बोटिंग अथवा अन्य कारणों से अंदर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग से शू-स्टैंड की व्यवस्था की जाएगी। स्वच्छ कुंड के तालाब में स्नान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा तथा कोई भी बाहरी व्यक्ति परिसर में खाने-पीने की सामग्री लेकर प्रवेश नहीं करेगा।
बैठक में यह भी तय हुआ कि विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल समय-समय पर स्वच्छ कुंड श्री गोगा म्हाड़ी का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान दिए गए मार्गदर्शन, सुझाव एवं आवश्यक संशोधनों का पालन संचालक एवं ठेकेदार द्वारा किया जाएगा।विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल ने संयुक्त रूप से कहा कि विवाद का समाधान आपसी सहमति से हो गया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि इस मामले को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत विशेष संपर्क प्रमुख शिव कुमार गौड़, विभाग कार्यकारिणी सदस्य रमेश चंद्र शर्मा, बजरंग दल के विभाग संयोजक शक्ति राणा, महानगर संयोजक ललित शर्मा, बलोपासना प्रमुख नितिन शरद, प्रखंड संयोजक जय राणा, प्रखंड गो-रक्षा प्रमुख चंदन ग्रोवर, प्रखंड साप्ताहिक मिलन प्रमुख गगन नेगी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वच्छ कुंड श्री गोगा म्हाड़ी विवाद सुलझा, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के साथ बनी सहमति