सहारनपुर। जनपद में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बड़गांव पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची शराब तैयार कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में कच्ची शराब, लहन, यूरिया तथा शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी देवबंद के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी नरेंद्र भड़ाना के नेतृत्व में रविवार 28 जून 2026 को संयुक्त टीम ने ग्राम टपरी के जंगल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कुलदीप उर्फ जितेंद्र पुत्र जसवीर और सतेंद्र पुत्र ओमपाल, दोनों निवासी ग्राम टपरी, थाना बड़गांव, को अवैध शराब बनाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 220 लीटर अवैध अपमिश्रित कच्ची शराब, 390 लीटर लहन, 2 किलोग्राम यूरिया तथा शराब तैयार करने में प्रयुक्त भट्टी और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
इस संबंध में थाना बड़गांव पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कुलदीप उर्फ जितेंद्र के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आरोपी सतेंद्र के खिलाफ मारपीट और धमकी देने सहित एक अन्य आपराधिक मामला पहले से दर्ज है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जंगल में चल रही थी अवैध शराब की भट्टी, 220 लीटर कच्ची शराब और यूरिया के साथ दो आरोपी गिरफ्तार