वार्ड 56 की गली मिद्दे वाली में विकास कार्य अधर में लटका

Development work in Gali Midde Wali, Ward 56, left in limbo.
  • गंदगी और जलभराव से नरकीय जीवन जीने को मजबूर स्थानीय निवासी
    सहारनपुर। महानगर के वार्ड नंबर 56 के अंतर्गत आने वाली गली मिद्दे वाली (वहीद परचून वाले के सामने वाली गली) के निवासी इन दिनों नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। क्षेत्र में चल रहा सड़क और नाली का निर्माण कार्य पिछले 15 दिनों से अधर में लटका हुआ है। ठेकेदार, क्षेत्रीय वार्ड पार्षद और पार्षद प्रतिनिधि मौके से पूरी तरह लापता हैं, जिससे स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है।
    क्षेत्रवासियों का गंभीर आरोप है कि ठेकेदार और पार्षद प्रतिनिधि ने जानबूझकर सड़क निर्माण कार्य में अत्यधिक देरी की। जब ईद के त्योहार में महज दो दिन बचे थे, तब जल्दबाजी का फायदा उठाने के लिए आनन-फानन में लीपापोती की गई। पुरानी बनी सड़क पर ही थोड़ी सी रोड़ी (गिट्टी) डाली गई और बिना उसे कूटे (कंपैक्ट किए) बेहद घटिया और हल्का मसाला डालकर खानापूर्ति कर दी गई। त्योहार के बाद पिछले 15 दिनों से काम पूरी तरह बंद है।
    सड़क को तो जैसे-तैसे अधूरा चमका दिया गया, लेकिन नाली का निर्माण कार्य बीच में ही छोड़ दिया गया। इसके चलते नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है और लोगों के घरों के भीतर तक घुस रहा है। क्षेत्र के निवासियों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर सता रहा है।
    स्थानीय नागरिकों ने बताया कि समस्या को लेकर जब भी पार्षद पति को संपर्क करने का प्रयास किया जाता है, तो वह अमूमन फोन ही नहीं उठाते। यदि कभी गलती से फोन उठ भी जाए, तो जल्द काम शुरू कराने का झूठा आश्वासन देकर फोन काट दिया जाता है।
    पीड़ित क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त और उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इस घटिया निर्माण की जांच कराई जाए और अधर में लटके कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराकर ठेकेदार व लापरवाह जनप्रतिधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *