सहारनपुर। टर्फस्टार क्रिकेट अकादमी सहारनपुर में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए पहले रोमांचक मुकाबले में टर्फस्टार थंडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 38 ओवर में 282 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान युवराज खटाना ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 119 गेंदों पर 130 रन बनाए, जिसमें 13 चौके शामिल रहे। उनकी इस बेहतरीन पारी की बदौलत थंडर्स ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टर्फस्टार ब्लास्टर्स की ओर से अभिमन्यु ने अकेले संघर्ष करते हुए 131 गेंदों पर 143 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके लगाए और टीम को जीत दिलाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिल सका।
गेंदबाजी में सत्विक ने टर्फस्टार थंडर्स की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए। वहीं ब्लास्टर्स की ओर से अभिमन्यु ने भी गेंद से प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। अपने हरफनमौला प्रदर्शन और मैच जिताऊ शतक के लिए युवराज खटाना को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। यह मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
टर्फस्टार थंडर्स ने रोमांचक मुकाबले में टर्फस्टार ब्लास्टर्स को हराया, युवराज खटाना बने मैन ऑफ द मैच