सहारनपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार, प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों की तर्ज पर शुक्रवार को सहारनपुर मंडल में भी कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा और महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी की संयुक्त अध्यक्षता में हुई इस वार्ता को पूर्व विधायक मसूद अख्तर और सुरेंद्र कपिल ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। इस दौरान नेताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और विपक्ष के खिलाफ हो रही दमनकारी कार्रवाई को लेकर सरकार पर तीखे हमले बोले।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मसूद अख्तर ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा महोबा कांड के पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग करने और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना रखने वाले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को निशाना बनाया जा रहा है। सरकारी नुमाइंदों द्वारा अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग करना पूरी तरह से पूर्वाग्रह से ग्रसित और राजनीतिक द्वेष भावना से प्रेरित है। मसूद अख्तर ने इस संदर्भ में सरकार के सामने कुछ विशेष मांगें भी रखीं, जिसका विस्तृत विवरण लखनऊ मुख्यालय से प्राप्त प्रेस नोट और प्रेसवार्ता के दौरान साझा किया गया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि महोबा का यह पूरा प्रकरण उत्तर प्रदेश में महिलाओं सहित सभी वर्गों के प्रति बढ़ते अपराधों का एक जीवंत और दुखद प्रमाण है। उन्होंने रेखांकित किया कि एनसीबी (छब्ठ) द्वारा हाल ही में जारी किए गए आंकड़े भी प्रदेश में बढ़ते इन अपराधों की पुष्टि करते हैं। संदीप राणा ने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ पीड़ित दलित बेटी को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी एकजुट नजर आए। बैठक में मुख्य रूप से एआईसीसी सदस्य चौधरी मुजफ्फर अली, पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी नितिन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष व पूर्व पार्षद सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, सेवादल जिला अध्यक्ष इमरान कुरेशी, मयंक राणा, कार्तिक राणा, इरशाद प्रधान, मोहित शर्मा, प्रभजीत सिंह, गुलफाम अंसारी, नसीब खान सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
महोबा कांड को लेकर यूपी सरकार पर बरसी कांग्रेस