मदर्स डे पर ब्लू बर्ड स्कूल में बच्चों ने अपनी माताओं का जीता दिल

Children at Blue Bird School Won Their Mothers' Hearts on Mother's Day.

सहारनपुर। आनंद नगर स्थित ब्लू बर्ड स्कूल में मदर्स डे के अवसर पर एक भव्य, भावनात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में रंगारंग प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। पूरे आयोजन के दौरान प्रेम, सम्मान और भावनाओं का विशेष माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का संचालन मरिया मैम ने अत्यंत प्रभावशाली एवं सुंदर अंदाज में किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुफ्ती जकी द्वारा पवित्र कुरआन शरीफ की तिलावत से हुई, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मोहम्मद जमाल असलम ने अपने संबोधन में कहा कि माँ दुनिया की सबसे बड़ी नेमत होती है, जिसके कदमों तले जन्नत रखी गई है। उन्होंने कहा कि खुदा ने भी अपनी मोहब्बत की मिसाल माँ की मोहब्बत से दी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी माताओं का सम्मान करने, उनकी सेवा करने और उनके त्याग व प्रेम को समझने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एक माँ अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर कठिनाई सहन करती है, इसलिए हमें हमेशा उनका आदर करना चाहिए।
इसके पश्चात विद्यालय के चेयरमैन डॉ मोहम्मद खालिद ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि माताएँ समाज की नींव होती हैं। एक अच्छी माँ ही एक अच्छे समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी माताओं की बातों का पालन करने और उनके सपनों को पूरा करने का प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि मातृ दिवस जैसे कार्यक्रम बच्चों में संस्कार एवं नैतिक मूल्यों के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलोफर शामसी ने सभी माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि माँ का प्रेम निस्वार्थ और अनमोल होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्यवहार और कार्यों से अपनी माताओं को गर्व महसूस कराने की प्रेरणा दी। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मायरा, सादिया, फैज, समीउल्लाह, हुजैफा, सिदरा, अहमद, आफरीन, सफी, इकरा, अजरा, फकी, मरियम, शिरीन, अलीना, अलिश्बा, अशरा, हलीमा, अलवीना, इनाया, माहिरा, हिफ्जा, नबीला, हया, अक्सा, अलीशान और जैनब सहित अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *