सहारनपुर। वैश्य महिला समिति द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी डाट काली मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में समिति की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई और विधि-विधान के साथ माता रानी की पूजा-अर्चना कर देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
भंडारे के दौरान मंदिर में दर्शन के लिए आए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर माता का प्रसाद ग्रहण किया और धर्म लाभ उठाया। पूरे दिन मंदिर परिसर माता के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर समिति की ओर से एक विशेष बैठक का भी आयोजन किया गया, जिसमें आगामी समाज सेवा के कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई।
कार्यक्रम की संयोजक मधु अग्रवाल ने बताया कि वैश्य महिला समिति समय-समय पर इस तरह के धार्मिक और सामाजिक कार्यों का आयोजन करती रहती है। उन्होंने कहा, यह हमारा सौभाग्य है कि हमें माता के चरणों में सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ। हमने माता रानी से प्रार्थना की है कि हमारे देश में सुख-शांति बनी रहे, देश निरंतर तरक्की के पथ पर अग्रसर हो और सभी के घरों में खुशहाली आए। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति की प्रमुख सदस्य बहन निशि, अंशु, रेखा, मधु अग्रवाल, रिंपी, पूजा और शिव रंजन सहित अनेक महिलाओं का विशेष सहयोग रहा। सभी ने मिलकर सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
माता के जयकारों से गुंजायमान हुआ मंदिर परिसर, वैश्य महिला समिति ने की देश की खुशहाली की प्रार्थना