नगर आयुक्त ने किया जोनल कार्यालय का औचक निरीक्षण

Municipal Commissioner did a surprise inspection of the zonal office.

सहारनपुर। नगरायुक्त शिपू गिरि ने आज नुमाईश कैंप स्थित जोनल एक कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां आये कुछ लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान कराया। उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए पेयजल के लिए कूलर लगवाने सहित अन्य व्यवस्थाओं को सात दिन के भीतर दुरुस्त करने के निेर्देश दिए। उन्होंने जन्म-मृत्यु से सम्बंधित रजिस्टर का भी अवलोकन किया।
नगरायुक्त शिपू गिरि आज औचक निरीक्षण के लिए नुमाईश कैंप स्थित जोनल कार्यालय एक पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वहां मौजूद कुछ लोगों से उन्होंने आने का कारण पूछा तो दो लोगों ने बताया कि वह अपनी प्रोपर्टी का टैक्स जमा कराने आये है, लेकिन बताया जा रहा है कि अभी सॉफ्टवेयर चल नहीं रहा है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए जोनल एक से सम्बंधित कर अधीक्षक को मैनुअल रुप से टैक्स जमा कर रसीद देने के निर्देश दिए। जिस पर दोनों भवन स्वामियों का टैक्स जमा कर तत्काल उन्हें रसीद प्रदान की गयी।
नगरायुक्त को अपनी बच्ची के साथ आये एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी बच्ची छठी कक्षा की छात्रा है और उसे स्कूल के लिए जन्म प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। उसका आरोप था कि वह पिछले करीब एक माह से घूम रहा है। इस पर नगरायुक्त ने उक्त व्यक्ति को उसकी बच्ची का जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी कराया। जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र के दो अन्य आवेदकों ने बताया कि उन्हें अपनी फाइलों का ही पता नहीं है कि वे कहां है। इस पर नगरायुंक्त ने जन्म-मृत्यु प्रमाण से सम्बंधित रजिस्टर का अवलोकन किया। अवलोकन में पाया गया कि एसडीएम सदर के यहां उक्त दोनों फाइलें रिसीव हो चुकी है। उनके अलावा करीब दो सौ फाइलें एसडीएम सदर के यहां पैंडिंग पड़ी हैं। इस पर उन्होंने जोनल प्रभारी एवं सहायक नगरायुक्त जे पी यादव को उनकी ओर से एक रिमाइंडर लिखने के निर्देश दिए।
नगरायुक्त ने कहा कि वह सात दिन के बाद पुनः निरीक्षण करेगे। इस दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान जोनल एक से सम्बंधित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *