पुरानी पेंशन बहाली को लेकर पेंशनरों की हुंकार, हकीकत नगर में दिया विशाल धरना

Pensioners demand restoration of old pension, stage massive protest in Hakikat Nagar

सहारनपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं शिक्षक समन्वय समिति, उत्तर प्रदेश एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन (उ.प्र.) जनपद शाखा सहारनपुर के तत्वावधान में मंगलवार को रामलीला ग्राउंड, हकीकत नगर में धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुभाष चन्द त्यागी ने की, जबकि संचालन सतीश कुमार गर्ग (जिला मंत्री) द्वारा किया गया।
यह धरना प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर केंद्रीय आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसमें पेंशनरों की लंबित समस्याओं को लेकर आवाज उठाई गई। वक्ताओं ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार के समक्ष लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की। चौधरी सत्यपाल सिंह ने कहा कि पेंशन के राशिकरण की कटौती 10 वर्ष बाद समाप्त की जानी चाहिए, जिस संबंध में विभिन्न न्यायालयों में मामले विचाराधीन हैं। सुखबीर सिंह ने कोरोना काल में वरिष्ठ नागरिकों की रोकी गई सुविधाओं को पुनः बहाल करने की मांग उठाई। अमरपाल सिंह ने 50 प्रतिशत महंगाई राहत को मूल पेंशन में जोड़ने पर जोर दिया। आर.पी. काम्बौज ने कोरोना काल से लंबित 18 माह की महंगाई राहत बहाल करने की मांग की, जबकि रामपाल शर्मा एवं सलेखचन्द ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पेंशन नॉन-कन्ट्रीब्यूटरी अनफंडेड नहीं है, इसलिए ओपीएस लागू की जानी चाहिए। धरना स्थल पर बीर सिंह, अशोक कुमार शर्मा, नरेन्द्र कुमार शर्मा, अशोक कुमार वालिया, भंवर सिंह राणा, कृष्ण आर्य, सुरेश कुमार शर्मा, कान सिंह और यशपाल सिंह सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
अंत में माननीय प्रधानमंत्री भारत सरकार एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट, सहारनपुर को सौंपा गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे। आभार व्यक्त करने के बाद धरना समाप्ति की घोषणा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *