सहारनपुर। बैसाखी के पावन पर्व पर सहारनपुर के सिख और पंजाबी अधिवक्ताओं ने पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्र जीत सिंह निक्कू के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को बैसाखी की बधाई दी और समाज की एकजुटता व भविष्य की रणनीति पर मंथन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए रमेश अरोड़ा और चंद्र जीत सिंह निक्कू ने स्पष्ट संदेश दिया कि यदि समाज के किसी भी व्यक्ति पर अत्याचार होता है, तो पूरा अधिवक्ता समाज एकजुट होकर उसकी सहायता करेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले विधानसभा चुनाव और सिविल बार एसोसिएशन के चुनावों में समाज अपनी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करेगा। पूर्व अध्यक्ष राजीव गुप्ता और नंद लाल मदान ने कहा कि आज की बैठक ने यह साबित कर दिया है कि सिविल बार के आगामी चुनावों की श्चाबीश् समाज के हाथ में है। उन्होंने बिरादरी को आगे बढ़ाने और एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया। वहीं, दलजीत सिंह कोचर ने बैसाखी के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए सभी को समाज की उन्नति का संकल्प दिलाया।
महिला अधिवक्ताओं की ओर से किरण चोपड़ा, मंजू अरोड़ा और मीनू ने घोषणा की कि सिख-पंजाबी समाज के किसी भी उत्पीड़न के मामले में वे मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराएंगी। बैठक के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता किरण चोपड़ा का जन्मदिन भी केक काटकर उत्साहपूर्वक मनाया गया। बैठक को सतीश जग्गा, चंद्र प्रकाश छाबड़ा, देवेंद्र वधवा, सुरेश सलूजा और सुनील बंटी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सरदार वीरेंद्र सिंह, मनमोहन जुनेजा, राजकुमार ठकराल, मनजीत गोल्डी, अमनदीप सिंह जोशा, नितिन ग्रोवर, परमिंदर कोहली, महीप सिंह हैप्पी, अनिल मदान, दिलीप सेठ, शितिज अरोड़ा, अजेश शर्मा और वीरेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
पूर्व पार्षद निक्कू के निवास पर अधिवक्ताओं की बैठक, बैसाखी की बधाई के साथ भविष्य की रणनीति पर मंथन