सहारनपुर। गोविंद नगर स्थित गढ़वाल सभा के प्रांगण में चल रहे श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव अत्यंत धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर भक्ति और आस्था का ऐसा मनोहारी संगम दिखा कि श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होते ही पूरा पांडल जय श्री कृष्णा के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। कथा व्यास पंडित दाताराम खंडूरी ने कृष्ण अवतार की महत्ता बताते हुए कहा कि प्रभु का अवतार अधर्म के विनाश और धर्म की स्थापना के लिए हुआ था।
कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे नगर विधायक राजीव गुम्बर ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मकता और आस्था का संचार करते हैं। नगर विधायक राजीव गुम्बर ने स्वयं भगवान का मधुर भजन गाकर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया।
कथा व्यास पंडित दाताराम खंडूरी ने श्रीकृष्ण जन्म के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि जब पृथ्वी पर अत्याचार बढ़े, तब भगवान ने कंस के कारागार में अवतार लिया। उन्होंने कहा कि जो भक्त सच्चे मन से भागवत श्रवण करता है, प्रभु उसे भव-बंधन से मुक्त कर देते हैं। इस अवसर पर ममता कश्यप, प्रियांशी कश्यप, बृजमोहन रितु गुप्ता सुधीर सैनी नीलम पार्षद जसवीर मोगा महानगर मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की से गूंजा गोविंद नगर