कान्हा उपवन बनेगा बच्चों के लिए शिक्षा का केंद्र, नगरायुक्त शिपू गिरि ने गौशाला विस्तार और सोलर पैनल लगाने के दिए निर्देश

Kanha Upvan will become a centre of education for children, Municipal Commissioner Shipu Giri gave instructions for expansion of cowshed and installation of solar panels.

सहारनपुर। नगरायुक्त शिपू गिरि ने गौशाला में लगातार बढ़ती गौवंश की संख्या को देखते हुए गौशाला का विस्तार करने तथा गौशाला को शैक्षिक दृष्टि से विकसित करने के निर्देश दिए ताकि स्कूली बच्चों को गौवंश और उसके महत्व से अवगत कराया जा सके। नगरायुक्त आज दोपहर नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा उपवन गौशाला का निरीक्षण करने आये थे।
नगरायुक्त शिपू गिरि आज दोपहर अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव व मुख्य अभियंता निर्माण व वरिष्ठ प्रभारी गौशाला सुरेश चंद के साथ नवादा रोड स्थित कान्हा उपवन गौशाला का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने गौवंश का निरीक्षण करने के अलावा गौवंश के लिए गौशाला में भूसा, हरे चारे की उपलब्धता तथा नवरात्रों के दृष्टिगत गोबर से बनायी जा रही समिधा, दिए व जैविक खाद की जानकारी लेने के साथ ही गौमूत्र से बनाये जा रहे गोनाइल संयत्र के बारे में जानकारी ली। उन्होंने गोमय पेंट बनाने वाली यूनिट का भी निरीक्षण किया। नगरायुक्त ने गौशाला की श्रेष्ठ व्यवस्था और गौवंश के सही रख रखाव के लिए निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा व स्टाफ की सराहना की।
नगरायुक्त ने गौशाला में पेंट कराने, मुख्य द्वार पर गौशाला का बोर्ड लगाने तथा बाहर गौशाला की जानकारी देते दिशा सूचक बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने गौशाला को बच्चों के मनोरंजन व शैक्षिक दृष्टि से विकसित करने पर जोर दिया, ताकि स्कूली बच्चों को वहां भ्रमण कराते हुए उन्हें गौवंश के आध्यात्मिक, सामाजिक व आर्थिक महत्व और उसके उत्पादों से अवगत कराया जा सके। उन्होंने गौशाला की छतों को सोलर पैनल से आच्छादित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने गौशाला प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा से जानकारी ली कि गौवश की टैगिंग हुई है या नहीं ?तथा बीमारियों से बचाव के लिए वैक्सीनेशन हो गया या नहीं? डॉ मिश्रा ने बताया कि सभी बीमारियों से बचाव के लिए वैक्सीनेशन हो चुका है तथा गौशाला के लिए तैनात चिकित्सक द्वारा गौवंश का स्वास्थय परीक्षण भी लगातार कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *