सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जनकपुरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है।
उप निरीक्षक शिवराज तोमर और उनकी टीम ने संदिग्धों की तलाश में जिला अस्पताल के पीछे पंप के पास चेकिंग लगा रखी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अभियुक्त सन्नी पुत्र अनिल (निवासी ग्राम शब्बीरपुर, थाना बडगांव) को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पकड़े गए अभियुक्त के पास से एक हीरो स्पलेंडर प्लस बरामद हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने यह मोटरसाइकिल पिछले साल जुलाई में देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की थी। पकड़े जाने से बचने के लिए वह बाइक की नंबर प्लेट बदलकर उसे चला रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त सन्नी पर पहले से भी सहारनपुर और देहरादून में चोरी व मारपीट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना जनकपुरी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ.नि. शिवराज तोमर, हेड कांस्टेबल उस्मान और हेड कांस्टेबल रविन्द्र कुमार रहे।
शातिर वाहन चोर दबोचा, बाईक बरामद