अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं ने किया रक्तदान

Women donated blood on International Women's Day

सहारनपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर में 55 महिलाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। दिल्ली रोड स्थित ब्लड सेंटर में केवल महिलाओं के लिए एक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के प्रति प्रेरित करना और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना रहा। शिविर में भारी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ पंजीकरण कराया, जिनमें से 55 महिलाओं ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया, जबकि 15 से अधिक महिलाएँ स्वास्थ्य संबंधी बाध्यता के कारण रक्तदान नहीं कर सकीं। शिविर का संयोजन फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट की महिला विंग द्वारा किया गया। अनीता शर्मा (वरिष्ठ सलाहकार, मुख्य निकाय) एवं नीरू सिंह (वरिष्ठ संरक्षक, मुख्य निकाय) ने कहा कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन बनाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब महिलाएँ आगे बढ़कर रक्तदान करती हैं तो वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा बनती हैं। पूनम कम्बोज (उपाध्यक्ष, संगठन विंग) ने कहा कि फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को रक्तदान से जोड़ना है। महिला विंग की अध्यक्ष सोनिया कपूर और उपाध्यक्ष नंदिनी बठला ने कहा कि आज की महिलाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि वे समाज सेवा के हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकती हैं। रक्तदान शिविर में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी सामाजिक जिम्मेदारियों को समझ रही है। इस अवसर पर महिला विंग की महासचिव मंजू अरोड़ा, संयुक्त सचिव प्रीति भाटिया, रीता गुप्ता ने कहा कि रक्तदान का कोई विकल्प नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। इस दौरान भारी संख्या में महिलाएं एवं स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *