सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त विशेष रोल प्रेक्षक निखिल गजराज ने शुक्रवार को एनआईसी सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी दलों से संवाद कर फीडबैक लिया और मतदाता सूची को अद्यावधिक व त्रुटिरहित बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल भी उपस्थित रहे। विशेष रोल प्रेक्षक ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण किया जा रहा है। आयोग की मंशा है कि मतदाता सूची में शामिल सभी नामों की गहन जांच हो और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में दर्ज न रहे। साथ ही फार्म-6 भरवाकर सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में पंजी.त कराए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी अर्ह मतदाता का नाम मतदाता सूची से विलोपित नहीं होना चाहिए। नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी से संबंधित नोटिसों की सुनवाई समय से करते हुए समस्याओं का व्यवहारिक समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मौजूद राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी और उनकी टीम द्वारा किए जा रहे पुनरीक्षण कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से समय-समय पर बैठक कर सभी दलों से फीडबैक लिया जा रहा है और कार्य पूरी निष्पक्षता व सजगता के साथ किया जा रहा है। विशेष रोल प्रेक्षक ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र नागरिकों के फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करें और विशेष रूप से युवा मतदाताओं के नाम दर्ज कराने पर जोर दें, ताकि ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो में आयोग की अपेक्षानुसार वृद्धि हो सके।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का लक्ष्यः एनआईसी सभागार में विशेष रोल प्रेक्षक ने की समीक्षा बैठक