- डीएम मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट में जांची तैयारियां
सहारनपुर। जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने जनपद में 14 व 15 मार्च उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए परीक्षा को निर्विरोध एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला मैजिस्ट्रेट श्री बंसल आज कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर पुरूष एवं महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग-अलग स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर उपस्थित सभी कार्मिक अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र जरूर प्रदर्शित करें। सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, केन्द्र पर्यवेक्षक निर्धारित प्रक्रियानुसार परीक्षा के सफल संचालन एवं परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्षता एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए लगन, सजगता, आत्मानुशासन एवं समयबद्धता से सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्व परीक्षाओं की भांति पूरी पारदर्शिता के साथ नकलविहीन संपन्न करायी जाये। इसकी संवेदनशीलता, शुचिता एवं पारदर्शिता किसी भी स्तर पर भंग न हो, यदि कोई भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने रेलवे, रोडवेज एवं परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को आवागमन मंे किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडे। साथ ही होटलों एवं धर्मशालाओं में भी ठहरने पर किसी को दिक्कत न हो। होटल, धर्मशाला सहित ई-रिक्शा की दरें भी निर्धारित की जाएं। मनीष बंसल ने कहा कि समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए। जनपद में काफी संख्या में अभ्यर्थियों का मूवमेंट होगा। किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसलिये अधिकारी सभी तैयारियां पूर्ण कर लें। उप निरीक्षक नागरिक सुरक्षा एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा जनपद में 25 परीक्षा केंद्रों पर संपादित होगी। प्रथम पाली पूर्वान्ह 10ः00 से 12ः00 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपरान्ह 03ः00 से 05ः00 बजे तक चार सत्रों में होगी। उन्होने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर लें।
14 और 15 मार्च को होगी पुलिस भर्ती परीक्षा