छुटमलपुर (सहारनपुर)। हिंदू जागरण मंच उत्तराखंड के प्रांतीय पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार, 12 मार्च 2026 को फोर्थ डायमेंशन कॉलेज, छुटमलपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष संदीप सिंह सन्नी ने की और संचालन ललित सैनी द्वारा किया गया।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित हिंदू जागरण मंच के उत्तराखंड सह-प्रभारी एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने आरक्षण के मुद्दे पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज की 80 जातियों को पिछड़ी जाति की श्रेणी में शामिल करना बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जी के आरक्षण सिद्धांतों का मजाक उड़ाना है। इस्लाम एक ग्रंथ, एक पूजा स्थल और एक पैगम्बर के सिद्धांत पर आधारित है, जहाँ जाति की कोई अवधारणा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवसायों को जातियों का नाम देकर आरक्षण में घोटालेबाजी की गई है और इसे समाप्त कराने के लिए मंच जल्द ही बड़ा आंदोलन चलाएगा।
ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदू समाज की महिलाओं के सम्मान, संपत्ति और कारोबार पर विधर्मियों की गिद्ध दृष्टि एक चिंताजनक विषय है। उन्होंने मंच के मूल उद्देश्यों महिला सुरक्षा, गौ-रक्षा, सामाजिक समरसता और परिवार प्रबोधन को लेकर समाज के बीच जाकर जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष संदीप सिंह ने 19 मार्च से शुरू हो रहे हिंदू नववर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि नववर्ष को पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया जाए। इसके साथ ही, आगामी नवरात्रि पर्व पर संगठन की योजनानुसार सामूहिक देवी पूजन का भी आह्वान किया गया।
इस अवसर पर सत्यवीर ठाकुर, ललित सैनी, राज नेगी, देहरादून महानगर अध्यक्ष सुशील कुमार, विशाल महाजन, अशोक खत्री, गौरव, सचिन वालिया सहित उत्तराखंड और स्थानीय क्षेत्र के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आरक्षण के नाम पर हो रही घोटालेबाजीः ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने मुस्लिम जातियों को पिछड़ी श्रेणी में रखने पर उठाए सवाल