समाजवादी समानता भाईचारा रैली का 29 मार्च को होगा आयोजन

Samajwadi Equality Brotherhood Rally will be organised on 29th March

सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि समाजवादी समानता भाईचारा रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। आयोजकों के अनुसार इस रैली में उत्तर प्रदेश के 32 जिलों की 140 विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। रैली को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद बताया जा रहा है। आयोजकों का दावा है कि भीड़ के लिहाज से यह रैली ऐतिहासिक होगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने वाली साबित हो सकती है। आज घंटाघर स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि इस कार्यक्रम में सर्वधर्म, सर्वजाति और सर्वसमाज के लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इसमें पीडीए (पिछड़ा, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और आधी आबादी) की भागीदारी विशेष रूप से रहेगी। साथ ही सामान्य वर्ग के वे लोग भी शामिल होंगे जो वर्तमान सरकार से खुद को उपेक्षित महसूस करते हैं। भाटी ने बताया कि रैली की तैयारियां अगस्त 2025 से चल रही हैं। अब तक 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए चौपाल आयोजित की जा चुकी हैं। इन चौपालों के माध्यम से पिछड़े वर्गों में राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रैली की सफलता के लिए विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला और विधानसभा स्तर पर रैली प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जबकि रैली की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी मुख्य रूप से गुर्जर समाज के लोगों द्वारा संभाली जाएगी। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन से गुर्जर समाज को प्रदेश की राजनीति में नई पहचान मिलेगी। वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी का पगड़ी पहन कर और शॉल ओढ़ाकर कर सम्मान किया। इस मौके पर सपा युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, प्रदेश सचिव धर्मवीर खटाना, जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी, भीम खटाना, शुभम वर्मा, रवि यादव, पंकज राणा, कपिल शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *