मणिपुरः आधी रात को गोलियों की गूंज, सेना के कैंप पर उग्रवादी हमला, सुरक्षाबलों ने दिया मुंहतोड़ जवाब

Manipur: Gunfire erupts at midnight, militants attack army camp, security forces give befitting reply

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में सुरक्षा की स्थिति एक बार फिर तनावपूर्ण हो गई है। बुधवार देर रात संदिग्ध सशस्त्र कुकी उग्रवादियों और भारतीय सेना के बीच भीषण मुठभेड़ की खबर सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना रात करीब 11ः40 बजे शुरू हुई जब उग्रवादियों ने फौगाकचाओ आवांग लेइकाई स्थित भारतीय सेना की एक पोस्ट को निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि उग्रवादियों ने फौलजांग और गोतोल इलाके की ओर से सेना के पोस्ट पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले के वक्त वहां तैनात सीआरपीएफ की 58वीं बटालियन और भारतीय सेना के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब 30 मिनट तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।
मुठभेड़ थमने के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। वर्तमान में भारतीय सेना, सीआरपीएफ, राज्य पुलिस और भारतीय रिजर्व बटालियन द्वारा एक बड़ा संयुक्त तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। तलाशी अभियान मुख्य रूप से फौगाकचाओ आवांग लेइकाई और उससे सटे पहाड़ी इलाकों में केंद्रित है। हमले के बाद छिपे हुए उग्रवादियों की धरपकड़ और क्षेत्र में शांति बहाल की गयी। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *