सहारनपुर। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद सहारनपुर के विकास खंड नानौता स्थित ग्राम छछरौली में पेयजल योजना के समस्त कार्य पूर्ण होने के उपरांत शासन के निर्देशों के क्रम में इम्पैक्ट असेसमेंट (प्रभाव आकलन) किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत में ग्रामीणों से संवाद कर योजना के प्रति उनकी संतुष्टि का आंकलन किया गया। इम्पैक्ट असेसमेंट का कार्य शाकुम्भरी विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों एवं छात्रों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर, खंड कार्यालय उ.प्र. जल निगम (ग्रामीण), सहारनपुर के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा फर्म प्रतिनिधि परियोजना प्रबंधक मै. बाबा-जी.ए. इन्फ्रा (जेवी), डीसी डीपीएमयू टीम के दीपक यादव, अन्य कर्मचारी, ग्राम प्रधान, ग्रामवासी एवं स्कूल के छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। सरकार का उद्देश्य इस इम्पैक्ट असेसमेंट कार्यक्रम के माध्यम से जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में योजना के प्रभाव का मूल्यांकन करना है। इसके अंतर्गत गांव में पेयजल आपूर्ति, घरेलू कनेक्शनों की स्थिति, जल की गुणवत्ता, महिलाओं के जीवन पर प्रभाव तथा पेयजल से संबंधित समस्याओं का आकलन किया गया। सर्वे टीम द्वारा किए गए मूल्यांकन में उक्त सभी बिंदुओं पर संतोष व्यक्त किया गया तथा योजना को ग्रामीणों के लिए लाभकारी बताया गया।
जल जीवन मिशन के तहत ग्राम छछरौली में इम्पैक्ट असेसमेंट संपन्न