सहारनपुर। अमृतसर-सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस में यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर उनका सामान चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। जीआरपी ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना 2 मार्च की रात की है। पीलीभीत निवासी विपिन अपने साथियों अरुण (निवासी मानपुर टेहरी) और प्रमोद (निवासी महाराजगंज ढंढारी) के साथ ट्रेन में सफर कर रहे थे। इसी दौरान जालंधर से चार संदिग्ध युवक भी उसी डिब्बे में सवार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने यात्रियों से दोस्ती कर उन्हें क्रीम वाले बिस्किट खाने को दिए, जिनमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। बिस्किट खाने के बाद यात्री बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उनका सामान चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए। जब अन्य यात्रियों ने उन्हें बेहोशी की हालत में देखा तो तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। बेहोश मिले दोनों यात्रियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।