मुठभेड़ में दबोचा एक वांछित गौकश, साथी फरार

A wanted cow smuggler was caught in an encounter, his partner escaped.

सहारनपुर। देवबंद कोतवाली पुलिस ने गौकशी के मुकदमे में वांछित चल रहे एक वांछित गौकश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध असलाह एवं एक मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल कर ली। जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जनपद पुलिस द्वारा एसएसपी अभिनंदन सिंह के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं अपराधों में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत देवबंद कोतवाली पुलिस ने उपनिरीक्षक अजब सिंह, उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार व उपनिरीक्षक देवेंद्र भाटी के नेतृत्व में ग्राम अकबरपुर गढ़ी रजवाहे पुलिया के पास चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान इंद्रपुर गढ़ी की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने टार्च की रोशनी से रूकने का इशारा किया तो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल मोड़कर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए वापस हासिमपुरा रजवाहे पुलिया की तरफ भागने लगे। पुलिस ने भी बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जाकर बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। पुलिस को अपने नजदीक आता देख बदमाशों ने पुनः पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे पुलिस ने बल प्रयोग कर दबोच लिया। जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस ने काफी देर तक काम्बिंग की परंतु उसका कहीं पता नही ंचल सका। घायल बदमाश की पहचान आशु उर्फ आश मौहम्मद पुत्र ताहसीन उर्फ बुद्धू निवासी ग्राम फुलास अकबरपुर थाना देवबंद के रूप में हुई। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा व दो खोखा कारतूस 315 बोर व एक मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार दबोचा गया आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है जो सीएस एक्ट का वांछित आरोपी है जिसके खिलाफ मारपीट, एनडीपीएस एक्ट व गौकशी के तीन मुकदमें पंजीकृत हैं। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *