सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने चोरी की कई वारदातों का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग चोरी की घटनाओं से संबंधित 07 इनवर्टर, 09 बड़ी बैटरियां, 05 छोटी बैटरियां, 01 प्रेस, 01 गैस सिलेंडर, 01 अवैध चाकू तथा 12 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई 2026 को ग्राम सबदलपुर निवासी गुलशन पुत्र चन्द्ररूप ने थाना कुतुबशेर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने रात के समय उनकी दुकान का ताला तोड़कर 02 इनवर्टर, 02 बैटरियां, 17 हजार रुपये नकद तथा अन्य सामान चोरी कर लिया। इस संबंध में थाना कुतुबशेर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान मंगलवार को थाना कुतुबशेर पुलिस ने सिंचाई विभाग के खंडहर से इसरार पुत्र निसार निवासी इस्लाम नगर, थाना रामपुर मनिहारान को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर थाना कुतुबशेर, थाना नकुड़ तथा थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामदगी में 07 इनवर्टर, 09 बड़ी बैटरियां, 05 छोटी बैटरियां, 01 प्रेस, 01 गैस सिलेंडर, 01 अवैध चाकू और 12 हजार रुपये नकद शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई तथा अवैध चाकू मिलने पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर रात के समय दुकानों और अन्य स्थानों पर नकबजनी करता था। चोरी किए गए सामान को राह चलते लोगों को मजबूरी का हवाला देकर बेच देते थे और प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ कुतुबशेर, नकुड़ और कोतवाली देहात क्षेत्र में भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। उसने यह भी बताया कि चोरी के दौरान पकड़े जाने की स्थिति में बच निकलने के लिए वह अपने पास चाकू रखता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक शातिर और अभ्यस्त अपराधी है, जिसके विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में भी जुटी हुई है, जिससे चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।
शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों का चोरी का सामान और नकदी बरामद