सावधान! आपकी थाली में परोसा जा रहा था ज़हर

Beware! Poison was being served on your plate.
  • सहारनपुर में भारी गंदगी के बीच बन रहा था टोमैटो सॉस, खाद्य सुरक्षा विभाग ने मार गिराया स्टॉक
    सहारनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के सख्त निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश पर जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ चल रहा विशेष अभियान आज देवबंद रोड पर गरजा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर देवबंद रोड स्थित सरस्वती कॉलोनी के पास चल रही एक सॉस निर्माण फैक्ट्री पर अचानक छापा मारा। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी गंदगी के बीच तैयार किया जा रहा लगभग 550 किलोग्राम (साढ़े पांच क्विंटल) टोमैटो सॉस मौके पर ही नष्ट करा दिया गया, जबकि फैक्ट्री की उत्पादन मशीन को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पहुंची विभागीय टीम ने जब पाल ट्रेडर्स नामक इस प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, तो वहां हर तरफ अनियमितताएं और गंदगी का अंबार मिला। इस फैक्ट्री का संचालन आकाश पाल नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था। कारखाने के भीतर चार बड़े बर्तनों में करीब 550 किलोग्राम टोमैटो सॉस पैकिंग के लिए तैयार रखा हुआ था। निर्माण प्रक्रिया और स्वच्छता के मानकों का कबाड़ा देखकर अधिकारियों ने जनस्वास्थ्य के मद्देनजर उस पूरे स्टॉक को तुरंत नष्ट करवा दिया।
    खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विधिक प्रक्रिया अपनाते हुए मौके से तैयार टोमैटो सॉस और उसमें इस्तेमाल होने वाले व्हाइट विनेगर (सफेद सिरका) के नमूने (सैंपल्स) अपने कब्जे में लिए। इन सभी नमूनों को राजकीय प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया गया है। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए, संचालक के उत्पादन कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई और सॉस बनाने वाली मशीन को अगले आदेश तक सीज कर दिया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने दोटूक शब्दों में कहा कि जनपद में मिलावटी, दूषित और मानकविहीन खाद्य पदार्थों के निर्माण व बिक्री के खिलाफ यह जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारों और सामान्य दिनों में भी उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा। लैब से जांच रिपोर्ट आते ही संबंधित मालिक के खिलाफ कोर्ट के माध्यम से सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
    इस बड़ी छापेमारी को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी जवाहरलाल, जगदंबा प्रसाद, शिवनाथ और महेश कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे। इस कार्रवाई से देवबंद रोड और आसपास के खाद्य पदार्थ निर्माताओं में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *