सहारनपुर। तहसील रामपुर मनिहारन में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता और धैर्यपूर्वक सुना। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का क्रमवार अवलोकन किया गया तथा फरियादियों से उनकी समस्याओं की विस्तृत जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर तथ्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि पात्र लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विद्युत, विकास, पेंशन, आवास तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। जिलाधिकारी और एसएसपी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीएम व एसएसपी ने सुनीं जन समस्याएं