सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए एस. कुमार अरोड़ा को आईआईए सहारनपुर चैप्टर का चेयरमैन मनोनीत किया गया है। इस उपलक्ष्य में 3 जुलाई 2026 को प्रताप मार्केट स्थित आईआईए भवन (ट्रेड सेंटर) में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में उद्यमियों और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा ने कहा कि आईआईए की गौरवशाली परंपरा के अनुसार हर वर्ष नई नेतृत्व टीम का गठन किया जाता है। इसी कड़ी में एस. कुमार अरोड़ा को सहारनपुर चौप्टर की कमान सौंपी गई है। वह इससे पूर्व 6 वर्षों तक निरंतर 4 राष्ट्रीय अध्यक्षों के साथ राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के पद पर कार्य कर चुके हैं। रामजी सुनेजा ने उन्हें एक ऊर्जावान, कर्मठ और जुझारू उद्योगपति बताते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में सहारनपुर चौप्टर नई ऊंचाइयों को छुएगा।
पूर्व चैप्टर चेयरमैन अशोक बजाज ने नए चेयरमैन का स्वागत करते हुए कहा कि एस. कुमार अरोड़ा एक अनुभवी और दूरदर्शी उद्योगपति होने के साथ-साथ उत्कृष्ट संगठनकर्ता भी हैं। वह फेडरेशन ऑफ इंडियन स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (फिसमे) में भी लगातार छह वर्षों तक कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं, जो उनकी वित्तीय दक्षता और पारदर्शी कार्यशैली का प्रमाण है।
इस अवसर पर उपस्थित पूर्व चैप्टर चेयरमैन अशोक गांधी, आर.के. धवन, प्रमोद सडाना, अनूप खन्ना, स. हरजीत सिंह, वरिष्ठ सदस्य राजेश सपरा, संदीप कपूर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी नए चेयरमैन को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं और संगठन की एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त चैप्टर चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा ने शीर्ष नेतृत्व और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर काम करने का भरोसा दिया। जनपद में मंडलीय और जिला उद्योग बंधु की बैठकों को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाया जाएगा ताकि उद्यमियों की समस्याओं का तुरंत निपटारा हो सके। उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों के अनुरूप सहारनपुर में नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाएगा। एमएसएमई इकाइयों को मजबूत करने और संस्था की सदस्य संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सहारनपुर के प्रसिद्ध वुडन हैंडीक्राफ्ट उद्योग तथा निर्यात क्षेत्र को नई गति देने और निर्यातकों की समस्याओं को हल करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस स्वागत कार्यक्रम में अशोक छाबड़ा, सुरेंद्र मोहन कालड़ा, परमजीत सिंह, राजकुमार अरोड़ा, अनुज कुमार जैन, शिवम गोयल, संजय कपूर, प्रेम क्वात्रा, मनोज कुमार जैन, पुनीत डंग, अनिल अग्रवाल, विरेन्द्र अवस्थी, आदित्य अवस्थी, रवि कुमार आदि सदस्यों ने करतल ध्वनि और फूल-मालाओं के साथ नए चौप्टर चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा का जोरदार अभिनंदन किया।
आईआईए चैप्टर के नए चेयरमैन बने एस. कुमार अरोड़ा