सहारनपुर। जनपद के थाना सदर बाजार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एसबीआई कॉलोनी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान के बंद कमरे के अंदर एक पुरुष और एक महिला के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक नगर ने भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात थाना सदर बाजार पुलिस को सूचना मिली थी कि एसबीआई कॉलोनी स्थित तिरंगा चौक के पास एक मकान में एक व्यक्ति ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है। परिजनों और आसपास के लोगों द्वारा काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने जब कमरे की खिड़की से अंदर झांका, तो परिस्थितियां संदिग्ध नजर आईं। इसके बाद आसपास के लोगों की मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और कमरे के भीतर प्रवेश किया। अंदर जाते ही पुलिस के होश उड़ गएय कमरे में एक पुरुष और एक महिला के शव पड़े हुए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रथम दृष्टया मृत पुरुष की आयु करीब 39 वर्ष है, जो मूल रूप से केरल का निवासी था और सहारनपुर के ही एक प्रतिष्ठित निजी अस्पताल में कार्यरत था। वहीं, मृत महिला की आयु लगभग 24 वर्ष है, जो सहारनपुर के ही थाना गागलहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है और दोनों द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक छानबीन के अनुसार, मृत पुरुष ने पहले अपने हाथ की कलाई की नस काटी और उसके बाद कमरे की खिड़की से पार्शियल हैंगिंग (आंशिक रूप से फंदे पर लटककर) कर आत्महत्या की। वहीं, मृत महिला के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया आशंका है कि उसने किसी विषैले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दी है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों के परिजनों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मौके पर शांति और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
बंद कमरे में मिले डॉक्टर और युवती के शव, प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या की आशंका