सहारनपुर (सदर बाजार)। सहारनपुर पुलिस का अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सदर बाजार पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास कर रहे बदमाश की घेराबंदी कर उसे न्यू आवास विकास तिराहे के पास से दबोचा गया। आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, 21 जनवरी 2026 को वादी हिमांशू यादव निवासी मोल्हू की कोठी, आईटीसी लोडिंग गेट ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई थी कि लाल रंग की आर-15 बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका मोबाइल छीन लिया था। इस संबंध में पुलिस ने मु0अ0सं0 44/26 धारा 304 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने घटना का संज्ञान लेते हुए अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रसैन सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार चेकिंग कर रही थी। 26 जून 2026 को उप-निरीक्षक योगेन्द्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट का वांछित अपराधी किसी नई घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने छिदवाना कट दिल्ली रोड पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति यामाहा मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर वह नहीं रुका और तेजी से बाइक को न्यू आवास विकास की तरफ मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, तो हड़बड़ाहट में न्यू आवास विकास तिराहे के पास उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाश ने झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ घेराबंदी करते हुए बदमाश को सुरक्षित दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान शाह नजर उर्फ भोलू उर्फ शोएब पुत्र शेर मोहम्मद (निवासीः मौ0 सराय हिसामुद्दीन शाह नूरजी, थाना कुतुबशेर, जिला सहारनपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 01 देशी तमंचा (315 बोर) एवं 01 जिंदा कारतूस एवं 01 खोखा कारतूस (315 बोर), 01 यामाहा मोटरसाइकिल (लाल व काले रंग की जो लूट की वारदात में प्रयुक्त हुई थी बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शाह नजर उर्फ भोलू एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ थाना कुतुबशेर, थाना मंडी और थाना सदर बाजार में लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।
शातिर लुटेरा गिरफ्तार, तमंचा और बाइक बरामद