गांव की तरक्की आपके हाथ, अभियान के तहत बीएसएनएल दे रहा है फ्री मॉडम

Village progress is in your hands; BSNL is offering a free modem under the campaign.

सहारनपुर। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रूरल एंट्री प्लान-259 की शुरुआत की है। इस योजना के तहत ग्रामीण उपभोक्ताओं को हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा के साथ-साथ भारत नेट उद्यमी बनकर आय अर्जित करने का अवसर भी मिलेगा।
मिशन कंपाउंड स्थित बीएसएनएल कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उपमहाप्रबंधक नरेश चंद ने बताया कि बीएसएनएल ने ष्गांव की तरक्की आपके हाथ अभियान के तहत यह विशेष योजना शुरू की है। योजना में मात्र 259 रुपये प्रतिमाह पर 25 एमबीपीएस हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी, फ्री इंस्टॉलेशन, फ्री मॉडेम, वेव्स और ओटीटी सेवाएं तथा देशभर में अनलिमिटेड कॉलिंग जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जिससे उन्हें विश्वसनीय और निर्बाध इंटरनेट सेवा मिल सके। यह सुविधा ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल सेवाओं और वर्क फ्रॉम होम जैसे कार्यों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगी।
उपमहाप्रबंधक ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में फाइबर इंटरनेट सेवाओं के विस्तार के लिए भारत नेट उद्यमी योजना भी संचालित की जा रही है। इसके तहत कोई भी इच्छुक व्यक्ति बीएसएनएल का साझेदार बनकर अपने क्षेत्र में फाइबर इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध करा सकता है। योजना के माध्यम से स्वरोजगार, अतिरिक्त आय, प्रोत्साहन राशि और कम निवेश में व्यवसाय शुरू करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ डिजिटल सेवाओं के विस्तार और डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर एजीएम अनिल कुमार, संदीप जैन, शशि कुमार, एसडीई अनुपमा चौधरी, जेटीओ मनोज कुमार, चंचल कुमार, अनिल कुमार भारती सहित बीएसएनएल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *