सहारनपुर। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के तत्वावधान में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंचवटी गार्डन, दाबकी रोड, सहारनपुर में भव्य ष्विलक्षण योग एवं ध्यान-साधना शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन एवं योगाभ्यास परम पूज्य आशुतोष महाराज की शिष्याओं साध्वी सोनिया भारती एवं साध्वी सुश्री पूजा भारती द्वारा कराया गया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान-साधना की विधियों का अभ्यास कराया और योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनाव, चिंता एवं अनेक जीवनशैली जनित रोगों से दूर रखकर सकारात्मक, संतुलित एवं स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर करता है। योग मनुष्य को आत्मिक शांति प्रदान कर उसके व्यक्तित्व को निखारने का कार्य करता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य भी लोगों को स्वस्थ, जागरूक एवं संतुलित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने योग एवं ध्यान-साधना का लाभ उठाते हुए संकल्प लिया कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएंगे। शिविर का वातावरण उत्साह, अनुशासन एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान ने सभी नागरिकों से स्वस्थ एवं तनावमुक्त समाज के निर्माण हेतु नियमित योग एवं ध्यान-साधना अपनाने का आह्वान किया।
दिव्य ज्योति जागृति ने किया विलक्षण योग एवं ध्यान-साधना शिविर का आयोजन