पाइन हिल्स एकेडमी में ग्रीटिंग कार्ड प्रतियोगिता के जरिए माँ को दिया सम्मान

Pine Hills Academy honored mothers through a greeting card competition.

माँ जीवन की पहली प्रेरणाः डॉ खालिद
सहारनपुर। मण्डी समिति रोड स्थित पाईन हिल्स एकेडमी में ‘मदर्स डे’ का आयोजन बड़े ही उत्साह, उमंग और भावनात्मक माहौल के बीच किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से माँ के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यालय परिसर पूरे समय खुशियों और तालियों की गूंज से सराबोर रहा। विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. खालिद एडवोकेट ने माँ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माँ केवल जन्म देने वाली ही नहीं, बल्कि बच्चे की पहली गुरु और सबसे बड़ी प्रेरणा होती है। उन्होंने कहा कि बच्चे के व्यक्तित्व और संस्कारों की नींव माँ ही रखती है तथा उनके त्याग और प्रेम का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता।
विद्यालय के प्रिंसिपल सैयद मोहम्मद समीर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हर माँ अपने बच्चे को सफल और अच्छा इंसान बनते देखना चाहती है, इसलिए बच्चों को हमेशा अपने माता-पिता का सम्मान करना चाहिए। वहीं विद्यालय के प्रेसिडेंट सऊद ख़ान ने कहा कि दुनिया में माँ से बढ़कर कोई शुभचिंतक नहीं होता और हमें हमेशा उनकी बातों का आदर करना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय में ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक और भावनात्मक कार्ड्स तैयार किए। इसके अलावा विद्यार्थियों ने माँ को समर्पित भावपूर्ण कविताओं का पाठ किया तथा मधुर गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। पूरा आयोजन प्रेम, सम्मान और भावनाओं से भरपूर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *