सहारनपुर। राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में मां बगलामुखी जन्मोत्सव अवसर पर स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा मां बगलामुखी कष्टों का नाश करने वाली ब्रह्म विद्या है। श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वाधान में आयोजित मां बगलामुखी जन्मोत्सव पूजा अवसर पर मां बगलामुखी प्रतिमा का विधिवत पूजन पंडित योगेश तिवारी एवं पंडित ऋषभ शर्मा ने में मंत्र उच्चारण कर पूजन कराया और मां भगवती बगलामुखी का बगलामुखी सहस्त्रनाम से हरिद्रा युक्त जल से महा अभिषेक कराया इसके उपरांत मां भगवती का श्रृंगार कर महा आरती उतारी गई और बगलामुखी यज्ञ भी किया गया।
मां बगलामुखी चरित्र महिमा का वर्णन करते हुए स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा मां बगलामुखी आदिशक्ति ब्रह्म विद्या है। जो मां शक्ति का ब्रह्मरंध्र महा तेज पुंज है जिसमें समस्त ब्रह्म अग्नि साक्षात वास करती है। इसी आधार पर मां आदि शक्ति बगलामुखी समस्त तामसिक भावों को जलाकर राख कर देती है और अपने भक्तों का कल्याण करती है।उन्होंने कहा मां बगलामुखी राज काज एवं धन-धान्य प्रदान करने वाली उग्र एवं प्रचंड शक्ति हैं। जिनकी शरणागत हो जाने से समस्त कष्टों एवं पापों का नाश हो जाता है। उन्होंने कहा मां बगलामुखी मंत्र का नियमित जाप करने से कुछ ही समय बाद प्रभाव होना प्रारंभ हो जाता है। इसलिए जीव को अपने कल्याण के लिए मां भगवती की शरण में जाना चाहिए परंतु बिना समर्थ एवं साधक गुरु के मां बगलामुखी साधना नहीं करनी चाहिए। बगलामुखी माता की साधना के लिए जागृत गुरु होना अति आवश्यक है, मां बगलामुखी प्रकृति विद्या है। जो 10 महाविद्या में विशेष स्थान रखती हैं और तुरंत फल देने वाली देवी हैं। इस अवसर पर रमेश चंद शर्मा, राकेश राय, अश्विनी कंबोज, सागर गुप्ता, बबीता, तन्नू, रेखा, पूनम, गीता, कमलेश, सविता आदि रहे।
राधा विहार में माँ बगलामुखी जन्मोत्सव की धूम