सहारनपुर। श्री विश्राम पुरी भैरव मंदिर समिति के तत्वावधान में नौ दिवसीय श्री मद देवी भागवत महापुराण कथा का अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिन देव पूजन और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग किया।
कथा के शुभारंभ पर यज्ञाचार्य पंडित हरिशंकर गोनियाल और पंडित योगेश गोनियाल ने विधि-विधान के साथ देव पूजन संपन्न कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। पूजन के पश्चात श्री राम मंदिर, लेबर कॉलोनी से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा शुगर मिल मार्ग से होते हुए गुजरी, जिसमें सैकड़ों महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा के दौरान पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा के समापन पर कथा व्यास पंडित प्रकाश चंद शास्त्री जी ने देवी भागवत की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने माँ भगवती का गुणगान करते हुए उपस्थित जनसमूह को आशीर्वचन दिए और धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में प्रबंधक डॉ. पन्ना लाल शर्मा, अध्यक्ष चौधरी ओम सिंह, उप प्रबंधक अनेश शर्मा और कोषाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर नवीन चौधरी, पंडित धर्मानंद शास्त्री, पंडित रामकिशन नौटियाल, दीपक जी, संजीव शर्मा, सविता, नेहा, रमेश कुमार, ज्योति, उषा, नीलम, सुरेंद्र, ऋचा, शकुंतला, सपना और केदारी देवी सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
शोभायात्रा के साथ श्री मद देवी भागवत महापुराण का शुभारंभ