नोएडा में कर्मचारियों का तांडवः पत्थरबाजी और आगजनी से दहला इलाका, कई वाहनों को फूंका, पुलिसकर्मी घायल

Noida employees' rampage: Stone-pelting and arson rocked the area

नोएडा/गौतमबुद्धनगर। वेतन वृद्धि और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर नोएडा में एक निजी कंपनी के कर्मचारियों का आंदोलन सोमवार को बेहद उग्र हो गया। पिछले तीन दिनों से चल रहा धरना प्रदर्शन सुबह हिंसक संघर्ष में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सोमवार सुबह प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा और वे सड़कों पर उतर आए। उग्र भीड़ ने न केवल कंपनी परिसर में तोड़फोड़ की, बल्कि सड़कों पर खड़े वाहनों को भी निशाना बनाया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों समेत कई निजी वाहनों को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को काबू करने पहुंची पुलिस टीम पर भी जमकर पथराव किया गया।
इस हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल जवानों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। मौके पर तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
हिंसक प्रदर्शन और सड़कों पर हुई आगजनी का सीधा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। गौतमबुद्धनगर जिले के कई प्रमुख इलाकों में मीलों लंबा जाम लग गया है। सोमवार का दिन होने के कारण दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट डायवर्ट करने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और उपद्रवियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *