विद्यार्थियों के लिए खुलेंगे रोज़गार और उद्यमिता के द्वार

Doors of employment and entrepreneurship will open for students

सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा के नेतृत्व में आईआईए के लगभग 15 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने माँ शाकुंभरी विश्वविद्यालय में आयोजित “इनोवेशन एवं एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स” संवाद एवं परस्पर साझेदारी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के प्रारंभ में आईआईए के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वाई. विमला का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं से अवगत कराना, उन्हें व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करना तथा उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को सुदृढ़ करना रहा, जिससे युवाओं को भविष्य में बेहतर रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर प्राप्त हो सकें। कार्यक्रम के दौरान उद्योग एवं शिक्षा जगत के मध्य सहयोग को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आईआईए एवं माँ शाकुंभरी विश्वविद्यालय के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। आईआईए की ओर से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रमोद सडाना एवं चैप्टर सचिव कुशल शर्मा तथा विश्वविद्यालय की ओर से रजिस्ट्रार कमल कृष्ण एवं फाइनेंस मैनेजर त्रिपाठी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के माध्यम से दोनों संस्थाओं के बीच शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान तथा औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। एमओयू के अंतर्गत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, औद्योगिक भ्रमण, कौशल विकास कार्यक्रम, विशेषज्ञ व्याख्यान तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए संयुक्त रूप से विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। साथ ही विद्यार्थियों में उद्यमिता, स्टार्टअप एवं नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए भी विशेष कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में आईआईए के पदाधिकारियों द्वारा कुलपति प्रो. वाई. विमला को संस्था का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सीईसी सदस्य कृष्ण राजीव सिंघल, मंडलीय अध्यक्ष सतीश अरोड़ा, चौप्टर सचिव कुशल शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र मोहन कालड़ा, अशोक गांधी, संदीप गुप्ता, अतीश गुप्ता, प्रेम क्वात्रा, अनुज जैन, अविजीत सिंह छाबड़ा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *