सहारनपुर। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के बेहट रोड स्थित ग्राम हसनपुर दरा कोटला में जमीन विवाद के चलते एक पीड़ित परिवार पिछले चार दिनों से जिलाधिकारी कार्यालय पर धरने पर बैठने को मजबूर है। पीड़ित परिवार के मुखिया मोहम्मद हनीफ ने बताया कि उनके दादा बरकत द्वारा 17 बीघा जमीन व मकान का बंटवारा कर दिया गया था। उनके पिता अब्दुल रहीम एवं दादा का निधन हो चुका है। आरोप है कि चाचा अब्दुल रहमान व उनके पुत्र, जिन्होंने पूर्व में अपनी जमीन बेच दी, अब उनकी जमीन और मकान पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। पीड़ित के अनुसार 1 अप्रैल को विपक्षियों द्वारा मारपीट व पथराव किया गया, जिसमें परिवार के लोग घायल हुए और उनका मेडिकल भी कराया गया। आरोप है कि शिकायत के बावजूद थाना स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार का कहना है कि घर लौटने पर भी उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया गया, जिससे मजबूर होकर वे डीएम कार्यालय में धरना दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और जब तक फैसला नहीं आता, उन्हें अपने घर में रहने दिया जाए। इस मामलें में अब्दुर्रहमान पुत्र बरकत, अब्बूल हसन, नूर हसन, फईयाज, जुलफान, नसीरा, अफसाना, श्रीमती नसीमे, श्रीमती शहजादी, भूरा, साईब, आशीफ, आरिफ, आरजू, महकारा, शिबा, सुखो, अमजद, आसु सहित अन्य 5 अज्ञात निवासी ग्राम हसनपुर, थाना कोतवाली देहात आरोपी है। पीडित ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष दबंगई कर रहा है और पुलिस भी उनकी सुनवाई नहीं कर रही। वहीं प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार ने रोते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए सुरक्षा व अपने घर में रहने का अधिकार दिलाने की मांग की है।
जमीन विवाद को लेकर पीड़ित परिवार का डीएम कार्यालय पर धरना, न्याय की गुहार