सिद्ध पीठ श्री बालाजी मंदिर में 36वें वार्षिकोत्सव का शंखनाद, 6 दिनों तक बहेगी भक्ति की बयार

Siddha Peeth Shri Balaji Temple announces 36th anniversary celebrations, winds of devotion to flow for 6 days

सहारनपुर। मोहल्ला चौन्ताला स्थित सिद्ध पीठ प्राचीन श्री बालाजी हनुमान मंदिर में 36वें वार्षिक उत्सव एवं श्री बालाजी जन्मोत्सव महायज्ञ 2026 के तहत छह दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र की एकता, अखंडता और कल्याण का संदेश देना है।
उत्सव संचालक विनय जिंदल एवं समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन गोयल ने मंदिर परिसर में जानकारी देते हुए बताया कि 29 मार्च से कार्यक्रमों की शुरुआत देव पूजन से होगी, जिसमें पंडित अजय किरण आचार्य रहेंगे। शाम को मां भगवती की चौकी में राजू भल्ला एंड पार्टी द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।
31 मार्च को छम-छम नाचे वीर हनुमान’ भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें संजू पागल बालाजी महाराज की महिमा का गुणगान करेंगे। 1 अप्रैल को राष्ट्र कल्याण हेतु अखंड श्री हनुमान चालीसा के 100 पाठ का विशेष अनुष्ठान किया जाएगा। मुख्य आकर्षण 2 अप्रैल को श्री बालाजी महाराज का जन्मोत्सव रहेगा, जिसमें महायज्ञ की पूर्णाहुति, महाआरती, ध्वज पूजन एवं विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इसके अगले दिन 3 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें झांकियां, बैंड-बाजे और नासिक धुनें आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर विभिन्न बाजारों से होती हुई पुनः मंदिर पहुंचेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर मानसिंह जैन, मुकेश चौरसिया, सुरेंद्र मोहन, संजू, सतीश सिंघल, नितिन कंसल, राजकुमार गोयल, योगेश गोयल बिट्टू, मुकेश मित्तल, विजय गुप्ता, मुन्नी गुप्ता, राधेश्याम शर्मा, अजय शर्मा, विजय शर्मा, शिवांशु गोयल और मोहित शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *