सहारनपुर के दीपक गुप्ता विश्व पटल पर चमकाएंगे भारत का नाम

Deepak Gupta of Saharanpur will make India shine on the world stage.

सहारनपुर। अंतरराष्ट्रीय रेफरी और सहारनपुर जिला जूडो संघ के संस्थापक सचिव दीपक गुप्ता एक बार फिर विश्व पटल पर भारत और सहारनपुर का मान बढ़ाने के लिए तैयार हैं। आगामी 20 से 27 मार्च तक जॉर्जिया में आयोजित होने वाले आईबीएसए जूडो वर्ल्ड कप के लिए दीपक गुप्ता, भारतीय दृष्टिबाधित जूडो टीम के साथ प्रशिक्षक के रूप भाग लेकर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अंतरराष्ट्रीय रेफरी दीपक गुप्ता की यह उपलब्धि उनके शानदार करियर में एक और सुनहरा अध्याय है। अंतरराष्ट्रीय रेफरी और सहारनपुर जिला जूडो संघ के संस्थापक सचिव दीपक गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पूर्व वह एशियन चौम्पियनशिप, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और विश्व चैम्पियनशिप जैसी 15 से अधिक बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व बतौर प्रशिक्षक और रेफरी कर चुके हैं। उन्होने बताया कि उनका चयन इंडियन ब्लाइंड एंड पैरा जूडो एसोसिएशन के संस्थापक चेयरमैन अवनीश कुमार अवस्थी और संस्थापक सचिव मुनव्वर अंजार द्वारा किया गया है। आईबीएसए जूडो वर्ल्ड कप के लिए जॉर्जिया रवाना होने से पूर्व दीपक गुप्ता ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, यह मेरे लिए अत्यंत गौरव की बात है कि मुझे एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। भारतीय टीम पूरी तरह तैयार है और हमें विश्वास है कि हम जॉर्जिया की धरती से पदक जीतकर ही लौटेंगे।
दीपक गुप्ता की इस उपलब्धि पर जनपद के खेल प्रेमियों और सहारनपुर जिला जूडो संघ के पदाधिकारियों में हर्ष का माहौल है। उन्हें बधाई देने वालों में सहारनपुर जिला जूडो संघ के संरक्षक ए.सी. गुप्ता, अध्यक्ष डॉ. एस.के. शर्मा, उपाध्यक्ष पंकज बंसल, संजय गुप्ता, अनिल अग्रवाल, पंकज मल्होत्रा, संजीव गुप्ता, धीरज जैन, मुकेश कुमार, नौशाद सैफी, विनय जिंदल, कुलदीप गुप्ता, विक्रम चावला, डॉ. अनुपम मालिक, मंजू जैन, अमन झा, रिदम गुप्ता, डॉ. वीरेंद्र आजम और सचिन वर्मा सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने दीपक गुप्ता को सफल यात्रा और टीम की जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *