परीक्षा की संवेदनशीलता, शुचिता एवं पारदर्शिता भंग करने वालों के विरूद्ध की जाएगी कड़ी कार्यवाही

Strict action will be taken against those who violate the sensitivity, purity and transparency of the examination.

सहारनपुर। जिला मजिस्ट्रेट श्री मनीष बंसल की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनन्दन की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में 14 एवं 15 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित कराई जाने वाली उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 परीक्षा की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई।
जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर पुरूष एवं महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग-अलग स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होने सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर उपस्थित सभी कार्मिक अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र जरूर प्रदर्शित करें। सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, केन्द्र पर्यवेक्षक निर्धारित प्रक्रियानुसार परीक्षा के सफल संचालन एवं परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्षता एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए लगन, सजगता, आत्मानुशासन एवं समयबद्धता से सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्व परीक्षाओं की भांति पूरी पारदर्शिता के साथ नकलविहीन संपन्न करायी जाये। इसकी संवेदनशीलता, शुचिता एवं पारदर्शिता किसी भी स्तर पर भंग न हो, यदि कोई भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होने रेलवे, रोडवेज एवं परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को आवागमन मंे किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडे। साथ ही होटलो एवं धर्मशालाओं में भी ठहरने पर किसी को दिक्कत न हो। होटल, धर्मशाला सहित ई-रिक्शा की दरें भी निर्धारित की जाएं। उन्होने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर लें।
उप निरीक्षक नागरिक सुरक्षा एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा जनपद में 25 परीक्षा केंद्रों पर संपादित होगी। प्रथम पाली पूर्वान्ह 10ः00 से 12ः00 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपरान्ह 03ः00 से 05ः00 बजे तक चार सत्रों में होगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जनपद में काफी संख्या में अभ्यर्थियों का मूवमेंट होगा। किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसलिये अधिकारी सभी तैयारियां पूर्ण कर लें।

परीक्षा के लिए निर्धारित 25 केन्द्र
आर्य कन्या इण्टर कॉलेज खालापार मटियामहल, बीडी बाजोरिया इण्टर कॉलेज बेहट रोड, बीएचएस इण्टर कॉलेज मिशन कम्पाउण्ड, गौरी शंकर इन्द्रपाल सिंह इण्टर कॉलेज दिल्ली रोड, राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज लिंक रोड, राजकीय इण्टर कॉलेज कैलाशपुर, राजकीय इण्टर कॉलेज नेहरू मार्किट, गुरूनानक गर्ल्स इण्टर कॉलेज गांधी पार्क, गुरूनानक इण्टर कॉलेज अम्बाला रोड़, एचएवी इण्टर कॉलेज मातागढ कलसिया रोड़, इण्डस्ट्रीयल मुस्लिम गर्ल्स इण्टर कॉलेज आतिशबाजान कम्बोह का पुल, इस्लामिया इण्टर कॉलेज ईदगाह रोड, जेवी जैन इण्टर कॉलेज मातागढ कलसिया रोड, जेबीएस हिन्दू कन्या इण्टर कॉलेज रायवाला, गोचर महाविद्यालय रामपुर मनिहारान, जनता इण्टर कॉलेज अहमदपुर ब्राहम्ण पिलखनी अम्बाला रोड, महाराज सिंह कॉलेज चकरोता रोड, मुन्नालाल एण्ड जयनारायण खेमका गर्ल्स कॉलेज चिलकाना रोड़, राजकीय इण्टर कॉलेज कमेला रोड़, एसबीबीए इण्टर कॉलेज नियर धोबी घाट, एसडी इण्टर कॉलेज चकरोता रोड़, एसएएम इण्टर कॉलेज नियर घण्टाघर देहरादून रोड़, एसबीपी राजकीय गर्ल्स पोलिटेक्निक देहरादून रोड कुम्हारहेडा कैलाशपुर, श्री दिगम्बर जैन कन्या इण्टर कॉलेज छत्ता बारूमल एवं सियाराम इण्टर कॉलेज दिनारपुर गागलहेड़ी।
नकल विहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा आयोजित कराने के संबंध में उन्होंने कहा कि परीक्षा के संबंध में भर्ती बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये। परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं बेहतर प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये। कक्ष निरीक्षकों की अच्छी तरह से ब्रीफिंग और ट्रेनिंग करा दी जाये। परीक्षा के दौरान सभी अधिकारी भ्रमणशील रहें। कोषागार से परीक्षा केन्द्रों तक प्रश्न पत्र को गाडी में पुलिस अभिरक्षा सहित प्रोटोकाल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए ले जाया जाए। उन्होने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र के अंदर मोबाइल, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, वाच, चाबियां, ब्लूटूथ, डिजिटल पैन, हैल्थ बैण्ड आदि इलैक्ट्रानिक गैजेट्स पूर्ण प्रतिबंध होंगे। केवल पेन, प्रवेश पत्र एवं आईडी कार्ड के साथ ही अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र के अंदर प्रवेश कर सकेंगे। उन्होने कहा कि परीक्षा के दिनों में जाम की स्थिति न हो। बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए जिससे आमजनों एवं परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए परीक्षा से पहले पूर्वाभ्यास करें।
बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट संतोष बहादुर सिंह, एसपी यातायात शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट, सैक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *