सहारनपुर। शहर की अनाज मंडी में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मंडी परिसर में 19 सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद बदमाशों ने एक गोदाम की दीवार तोड़कर चावल के कट्टे चोरी कर लिए। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और मंडी परिसर में हंगामा हुआ। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने रात के समय 62 फुटा रोड की ओर से मंडी में घुसकर पहले दो गोदामों में सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने जय दुर्गा राइस ट्रेड के गोदाम को निशाना बनाया। बदमाश दीवार तोड़कर अंदर घुस गए और वहां से बड़ी संख्या में चावल के कट्टे बाहर निकाल लिए। रात में सड़क पर चावल के कट्टे पड़े देख कुछ राहगीरों ने शोर मचाया, जिसके बाद बदमाश मौके से भागने लगे। इसी दौरान कोतवाली मंडी क्षेत्र की मंडी चौकी के इंचार्ज ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और जान जोखिम में डालकर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पीछा करने के दौरान चौकी इंचार्ज को मामूली चोटें भी आईं। घटना के बाद सुबह मंडी के व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने मंडी परिसर में हंगामा किया। व्यापारियों का आरोप है कि मंडी में तैनात कई गार्ड रात के समय ड्यूटी पर मौजूद नहीं रहते और कुछ गार्ड कर्मचारियों के निजी कामों में लगे रहते हैं। साथ ही मंडी के पिछले हिस्से में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों का भी अभाव है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उधर मंडी परिषद के कर्मचारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। व्यापारियों का कहना है कि दो दिन पहले भी दिनदहाड़े अनाज और चने के कट्टे चोरी होने की घटना सामने आई थी, जिससे साफ है कि मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
19 गार्डों के पहरे को ठेंगा दिखा चोरों ने तोड़ी गोदाम की दीवार, अनाज मंडी में चोरी से व्यापारियों का हंगामा