ईद पर शांति और सौहार्द के लिए एसएसपी ने कसी कमर, सिटी पैलेस में धर्मगुरुओं के साथ की पीस मीटिंग

SSP gears up for peace and harmony on Eid; holds peace meeting with religious leaders at City Palace

सहारनपुर। आगामी त्योहार ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के नेतृत्व में थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित सिटी पैलेस में एक महत्वपूर्ण शांति गोष्ठी आयोजित की गई।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, विभिन्न धर्मगुरुओं और स्थानीय नागरिकों के साथ सीधा संवाद किया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की खुशी तभी है जब वे आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ मनाए जाएं। उन्होंने सभी से अपील की कि ईद के पर्व को हमेशा की तरह गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाएं और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख भी दिखाया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे आगे बढ़ाएं। फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर कोई भी आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट साझा न करें। ऐसी गतिविधियों पर पुलिस की साइबर सेल कड़ी नजर रख रही है। यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत संबंधित थाने या डायल 112 को सूचित करें। गोष्ठी में अन्य पुलिस अधिकारीगण भी मौजूद रहे, जिन्होंने सुरक्षा तैयारियों का खाका साझा किया। उपस्थित धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और विश्वास दिलाया कि त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *