सहारनपुर। सर्व भारतीय ब्राह्मण महासभा एवं सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों एसआई भर्ती परीक्षा में पूछे गए प्रश्न पर रोष व्यक्त किया है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए महासभा के राष्ट्रीय प्रभारी पं. अंकित शर्मा ने कहा कि हाल ही में आयोजित एसआई (सब इंस्पेक्टर) पुलिस भर्ती परीक्षा के एक प्रश्न में पंडित शब्द का गलत व आपत्तिजनक संदर्भ में प्रयोग किया गया है, जिससे सवर्ण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में विद्वेष फैलाने का प्रयास प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से लगातार ऐसे प्रकरण सामने आ रहे हैं, जिनसे सवर्ण समाज में असंतोष और निराशा बढ़ रही है। इस विषय को गंभीर बताते हुए उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और इस प्रकार की गलती के लिए जिम्मेदार लोगों के नाम उजागर कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते ऐसे मामलों का समाधान नहीं हुआ तो सवर्ण समाज लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने तथा कानूनी विकल्प अपनाने पर विचार करने को मजबूर होगा। महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. श्रीकांत शर्मा ने कहा कि लगातार सामने आ रहे ऐसे प्रकरण समाज में गलत संदेश देते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक उठाया जाएगा। इस अवसर पर चंद्रपाल शर्मा, जिला अध्यक्ष सोनू शर्मा, दीपक शर्मा, महानगर अध्यक्ष गिरीश शर्मा, प्रशांत शर्मा सहित कई पदाधिकारी और समाज के अन्य लोग उपस्थित रहे।
एसआई भर्ती परीक्षाः पंडित शब्द के गलत प्रयोग पर सवर्ण समाज में उबाल