सहारनपुर। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (सीओओ) का पद रिक्त होने के कारण संगठन के प्रशासनिक एवं संचालन संबंधी कार्यों को सुचारु रूप से संचालित रखने के उद्देश्य से जनपद सहारनपुर के गाँव तबर्रकपुर तीतरो के पास के प्रतिभावान क्रिकेट खिलाड़ी सत्यम शर्मा को तत्काल प्रभाव से सीओओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।जनपद सहारनपुर के गाँव तबर्रकपुर तीतरो के प्रतिभावान खिलाड़ी सत्यम शर्मा को चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के पद पर मनोनीत किया जाना सहारनपुर के क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सीएयू के सचिव किरण वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सत्यम शर्मा अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ सीओओ पद से संबंधित सभी प्रशासनिक, प्रबंधन एवं संचालन संबंधी कार्यों का निर्वहन करेंगे। वे संगठन के विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए क्रिकेट गतिविधियों के संचालन एवं प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी जब तक इस पद पर नियमित नियुक्ति नहीं हो जाती अथवा सक्षम प्राधिकारी द्वारा अन्य आदेश जारी नहीं किए जाते। एसोसिएशन के प्रशासनिक अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि सत्यम शर्मा के अनुभव, कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता से संगठन के कार्यों को नई मजबूती मिलेगी तथा राज्य में क्रिकेट के विकास को और गति मिलेगी। इस अवसर पर आईआईए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सहारनपुर क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी परविंदर सिंह ने भी सत्यम शर्मा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ेगी तथा प्रदेश में क्रिकेट के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
नवनियुक्त चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (सीओओ) सत्यम शर्मा ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव किरण वर्मा द्वारा उन पर व्यक्त किए गए विश्वास के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनके द्वारा सौंपी गई है, उसका वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। इस अवसर पर एमएलसी शहनवाज खान, राहुल शर्मा, शिवम शर्मा, आईआईए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रमोद सडाना, डॉ. पंकज खन्ना, अनुज कौशिक, आईआईए चौप्टर सचिव कुशल शर्मा तथा पार्षद नीरज शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सत्यम शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।
सत्यम शर्मा बने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर