सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कुशल मार्गदर्शन में जनपद पुलिस अपराधियों के विरुद्ध काल बनकर टूट रही है। इसी क्रम में थाना जनकपुरी पुलिस ने घर में घुसकर परिजनों को डरा-धमकाकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और नकदी भी बरामद की है।
बीते 25 मार्च 2026 को देवेन्द्र नगर निवासी रजत राजपूत ने थाना जनकपुरी में सूचना दी थी कि एक अज्ञात बदमाश ने उनके घर में घुसकर परिजनों को आतंकित किया और कुंडल, मंगलसूत्र, मोबाइल फोन व नकदी लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल मु0अ0स0- 63/26 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी सहारनपुर ने अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जनकपुरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर ट्रांसपोर्ट नगर की पिछली दीवार के पास एक निर्माणाधीन मकान से अभियुक्त को धर दबोचा। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम अरुण उर्फ कार्तिक कश्यप पुत्र धनी राम (निवासीः ग्राम रवासोली, थाना बेहट, सहारनपुर) बताया है।
पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर एक मोबाइल फोन, 2100 रुपये नकद एवं दो लेडीज सूट बरामद किये है।
थाना जनकपुरी पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी कर ली गई है और उसे समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इस मामले में अन्य कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
घर में घुसकर लूट करने वाला लुटेरा किया गिरफ्तार