पावधोई नदी में संदिग्ध हालात में लाखों मछलियां मृत पाई गयी

Lakhs of fish were found dead in suspicious circumstances in the Pavdhoi river.

सहारनपुर। ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल बाबा लालदास बाड़े स्थित पावधोई नदी में आज संदिग्ध परिस्थितियों में लाखों मछलियां मृत पाई गईं। घटना की सूचना मिलते ही विभिन्न धार्मिक संगठनों के लोग मौके पर पहुंचे और गहरा आक्रोश जताया।
बाबा लाल दास की तपोभूमि माने जाने वाले इस पवित्र स्थल पर इस तरह की घटना से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। बाबा लाल दास बुद्ध घाट की देखरेख करने वाले महंत रामलाल तुली ने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि इससे पहले भी नवरात्रि के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जहरीला पदार्थ डालकर मछलियों को मारा जा चुका है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं क्षेत्रवासी नीटू सैनी ने बताया कि यहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु मछलियों को दाना डालने आते हैं और लोगों की इस स्थान से गहरी आस्था जुड़ी है। ऐसी घटना से लोगों में भारी रोष है।
स्थानीय लोगों ने सिंचाई विभाग और प्रदूषण विभाग पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि आसपास की फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकलयुक्त पानी नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे हर साल बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो रही है। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आखिर कब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होगी। लोगों का कहना है कि चाहे इंसान हो या जीव-जंतु, हर जीवन की कीमत होती है और इस तरह की घटनाएं मानवता को शर्मसार करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *